लखनऊ। बंथरा इलाके में गुरुवार को मछली पकड़ने गए एक युवक की पानी भरे गहरे तालाब में डूब कर मौत हो गई।
मुमताज़ अहमद लखनऊ
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बंथरा के कुरौनी गांव निवासी रामचंद्र गौतम का बेटा राजकुमार (38) पेशे से ट्रैक्टर चालक था। राजकुमार अक्सर गांव के बाहर स्थित तालाब में मछली पकड़ने जाता था। गुरुवार दोपहर भी राजकुमार तालाब में मछली पकड़ने गया। लेकिन गर्मी अधिक होने के कारण वह तालाब में नहाने लगा। तभी गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। इस बीच वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उसे डूबता देख शोर मचाया। लेकिन तब तक राजकुमार गहरे पानी में समा चुका था। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। बताते हैं कि राजकुमार ने अधिक शराब पी रखी थी। जिसकी वजह से नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और उसकी डूब कर मौत हो गई। उधर सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राजकुमार का शव ढूंढ निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।