लखनऊ

लखनऊ। प्रतिबंधित देश की अवैध रूप से यात्रा कर लखनऊ वापस लौटे एक यात्री को इमीग्रेशन अधिकारियों ने राजधानी के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात धर दबोचा।

मुमताज़ अहमद लखनऊ

अधिकारियों ने पूछताछ करने के बाद उसे सरोजनीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर तैनात इमीग्रेशन के कनिष्ठ आसूचना अधिकारी सच्चिदानंद के मुताबिक शुक्रवार रात वह एयरपोर्ट के अराइवल विंग में ड्यूटी पर तैनात थे। तभी इंडिगो की उड़ान (6ई 1484) के क्लीयरेंस के दौरान रात करीब 11:45 बिहार प्रांत के सीवान जिले में सिसवान थानान्तर्गत रामगढ़ का रहने वाला यात्री अफजल शाह अराइवल इमीग्रेशन के लिए काउंटर नंबर दो पर पहुंचा। जहां इमीग्रेशन के लिए उसके द्वारा दिए गए पासपोर्ट पर यमन का वीजा लगा मिला। जबकि भारतीय नागरिकों के लिए केंद्र सरकार द्वारा यमन की यात्रा प्रतिबंधित है। यमन का वीजा देखते ही इमीग्रेशन अधिकारियों द्वारा उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो यात्री अफजल ने बताया कि वह 3 अप्रैल 2022 को टूरिस्ट वीजा पर मुंबई एयरपोर्ट से दुबई के रास्ते अवैध रूप से यमन गया था। पूछताछ के बाद इमीग्रेशन अधिकारियों ने उसे सरोजनीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सरोजनीनगर पुलिस इमीग्रेशन अधिकारी सच्चिदानंद की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *